Hindi

दादरा नगर हवेली व्यापारी एसोसिएशन द्वारा सामान्य सभा का आयोजन किया गया

Written by krishnanewsnetwork

दादरा नगर हवेली व्यापारी एसोसिएशन द्वारा गायत्री मंदिर, सिलवासा में एक महत्वपूर्ण सामान्य सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सिलवासा शहर के सैकड़ों छोटे-बड़े व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक में व्यापारियों से जुड़े विभिन्न विषयों एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।सभा का मुख्य विषय सिलवासा के व्यापारियों के लिए प्रत्येक माह एक नियमित अवकाश निर्धारित करना था। लंबे समय से व्यापारी वर्ग द्वारा इस संबंध में मांग की जा रही थी कि उन्हें भी परिवार के साथ समय बिताने, सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने तथा अपने आवश्यक व्यक्तिगत कार्यों के लिए प्रत्येक माह एक निश्चित अवकाश मिलना चाहिए।इस विषय पर प्रत्येक माह की 25 तारीख तथा प्रत्येक माह का अंतिम रविवार—ये दो प्रस्ताव व्यापारियों के समक्ष रखे गए। इसके बाद कपड़ा, बूट-चप्पल, हार्डवेयर, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कटलरी, इमिटेशन ज्वेलरी, नोवेल्टी, किराना, गैरेज सहित विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों के व्यापारियों की उपस्थिति में लोकतांत्रिक तरीके से मतदान कराया गया।मतदान में लगभग 80 प्रतिशत व्यापारियों ने प्रत्येक माह के अंतिम रविवार के पक्ष में अपना समर्थन दिया। बहुमत के निर्णय का सम्मान करते हुए सर्वसम्मति से यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया कि अब सिलवासा शहर की सभी दुकानें एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पूर्णतः बंद रहेंगे।व्यापारियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि मासिक अवकाश से उन्हें अपने परिवार के साथ समय बिताने, सामाजिक एवं व्यक्तिगत दायित्वों का निर्वहन करने तथा अपने आवश्यक कार्यों को व्यवस्थित रूप से पूरा करने का अवसर मिलेगा। व्यापारियों ने इसे उनके हित में लिया गया एक ऐतिहासिक, सकारात्मक एवं दूरदर्शी निर्णय बताया।इस अवसर पर दादरा नगर हवेली व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री शांतिलाल पुजारी, महासचिव श्री सुनील महाजन, उपाध्यक्ष श्री चंद्रकांत कहार, खजांची श्री रमेश धोकाजी, श्री दर्शन शाह पदमजी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष श्री शांतिलाल पुजारी, महासचिव श्री सुनील महाजन एवं श्री दर्शन शाह ने सभी व्यापारियों का एकजुटता, सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और यह निर्णय भविष्य में व्यापारिक हितों की रक्षा एवं संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।दादरा नगर हवेली व्यापारी एसोसिएशन ने सभी व्यापारियों से इस निर्णय का सम्मान करते हुए प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर संगठन का सहयोग करने की अपील की है।

About the author

krishnanewsnetwork

Leave a Comment