लायंस इंग्लिश स्कूल में 31अगस्त,2024 शनिवार को तृतीय अंतर विद्यालय लायनाइट्स हिंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के लगभग 17 विद्यालयों के 64 विद्यार्थियों ने भाग लिया।इस प्रतियोगिता में छात्रों ने अपने अद्भुत वाक-कौशल एवम् असाधारण रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ लायंस क्लब ऑफ सिलवासा चैरिटेबल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एवम् कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि महोदय श्री अनंतरावजी डी निकम, कोषाध्यक्ष श्री विश्वेश दवे, संयुक्त सचिव श्री जयेंद्र सिंह राठौड, निर्णायकगण श्रीमती मीना सुरेश जैन(अध्यक्षा,काव्य रसिक संस्थान,दादरा एवं नगर हवेली),श्री दिनेश देसले(अध्यापक, हायर सेकेण्डरी स्कूल,मराठी मीडियम,खानवेल), विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्या श्रीमती निराली पारेख तथा हिंदी विभाग की अध्यक्षा श्रीमती सुमन वर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के बाद स्वागत गीत से हुआ।इसके पश्चात् पुष्प गुच्छ द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया एवम् विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्या श्रीमती निराली पारेख ने स्वागत भाषण द्वारा कार्यक्रम को संबोधित किया।इस प्रतियोगिता को चार वर्गों में संपन्न किया गया। प्रथम वर्ग कविता पाठ,द्वितीय वर्ग वाक प्रतियोगिता, तृतीय वर्ग वाद-विवाद प्रतियोगिता एवम् चतुर्थ वर्ग आशु भाषण प्रतियोगिता का था।प्रथम वर्ग (कविता पाठ)-विषय :पेड़ धरा के आभूषण(स्वरचित),प्रथम वर्ग की प्रतियोगिता चौथी एवम् पांचवी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए थी जिसमें पहला स्थान प्रभात स्कॉलर्स एकेडमी ने प्राप्त किया,दूसरे स्थान पर लायंस इंग्लिश स्कूल रहा, श्री एल जी हरिया स्कूल ने तीसरा और सैंट जेवियर्स स्कूल ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।द्वितीय वर्ग (वाक प्रतियोगिता)-विषय:मानसिक स्वास्थ्य पर सोशल मीडिया का प्रभाव,द्वितीय वर्ग की प्रतियोगिता में कक्षा छठी से आठवीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया जिसमें BAPS स्वामीनारायण स्कूल प्रथम स्थान पर रहा,दूसरा स्थान लायंस इंग्लिश स्कूल ने प्राप्त किया,सैंट जेवियर्स स्कूल तीसरे स्थान पर रहा और सांत्वना पुरस्कार श्री एल जी हरिया स्कूल ने अर्जित किया।तृतीय वर्ग(वाद- विवाद प्रतियोगिता)-विषय:क्या वैश्विक स्तर पर बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग के लिए मानवीय गतिविधियां जिम्मेदार हैं?,तृतीय वर्ग की प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं एवम् 10वीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया।यह प्रतियोगिता तीन चरणों में संपन्न करवाई गई।प्रथम चरण में विद्यार्थियों ने विषय के पक्ष में विचार प्रस्तुत किए तथा दूसरे चरण में विषय के विपक्ष में साक्ष्य दिए तथा तीसरा चरण तर्क -वितर्क का रहा ।इस प्रतियोगिता के प्रथम चरण में(विषय के पक्ष में )जहां श्री एल जी हरिया ने प्रथम , फेलोशिप मिशन ने द्वितीय,लायंस इंग्लिश स्कूल ने तृतीय एवम् माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया तो वहीं प्रतियोगिता के दूसरे चरण(विषय के विपक्ष में) में प्रथम स्थान पर लायंस इंग्लिश स्कूल रहा,द्वितीय स्थान श्री एल जी हरिया ने प्राप्त किया,फेलोशिप मिशन स्कूल को तृतीय तथा BAPS स्वामीनारायण स्कूल को सांत्वना पुरस्कार मिला।चतुर्थ वर्ग(आशुभाषण प्रतियोगिता) चतुर्थ वर्ग की प्रतियोगिता 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए थी।इस वर्ग में पहले स्थान पर श्री एल जी हरिया विद्यालय रहा,दूसरा स्थान लायंस इंग्लिश स्कूल ने प्राप्त किया,तीसरे स्थान पर BAPS स्वामीनारायण स्कूल रहा जबकि सांत्वना पुरस्कार फेलोशिप मिशन स्कूल ने हासिल किया।पुरुस्कार वितरण के पश्चात दोनों निर्णायकों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के प्रयासों की भूरी भूरी सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता हैं।उन्होंने विद्यालय के प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की जिन्होंने विद्यार्थियों को अपना कौशल प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान किया।कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि महोदय श्री अनंतराव जी डी निकम ने अपने संबोधन में सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं एवम् हिंदी भाषा के महत्व के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा को जानने का अवसर मिलता हैं। उन्होंने विशेष रूप से आशुभाषण में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की बौद्धिक क्षमता को सराहा।संस्था के अध्यक्ष महोदय एवम् आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय श्री फतेहसिंहजी चौहान ने सभी प्रतिभागियों की प्रशंसा की एवम् सभी को विजेता बताया।उन्होंने अपने संबोधन में हिंदी भाषा से अपने विशेष लगाव के बारे में बताया।उन्होंने राष्ट्र कवि श्री रामधारी सिंह दिनकर एवम् श्री मैथिलीशरण गुप्त को नमन करते हुए भूतपूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेई जी की दो पंक्तियां दोहराई *टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता,छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता* एवम् प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।इस कार्यक्रम में श्रीमती देवकीबा मोहनसिंहजी चौहान कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस की प्रभारी प्राचार्या डॉ. सीमा पिल्लई, हवेली इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज एंड रिसर्च की प्रभारी प्राचार्या डॉ शिल्पा तिवारी,विद्यालय के शिक्षकगण एवम् विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में निर्णायकगणों का धन्यवाद करके उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों एवम् शिक्षकों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।कार्यक्रम का समापन हिंदी विभाग की अध्यक्षा श्रीमती सुमन वर्मा के धन्यवाद प्रस्ताव के बाद राष्ट्र गान के साथ हुआ।

