सिलवासा। सिलवासा में स्थित श्रीमती देवकीबा मोहनसिंहजी चौहान कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस में 9 अक्टूबर 2024 को शक्ति आराधना के पर्व नवरात्रि का आयोजन बेहद हर्षोल्लास और सांस्कृतिक धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7:30 बजे, माँ अंबा की आरती से किया गया। तत्पश्चात गरबा नृत्य की धमाकेदार प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। इन प्रस्तुतियों में छात्रों के तीन अलग-अलग समूहों ने “ग्रुप गरबा” प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। विजेता समूह को ट्रॉफी के साथ 1100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई जिसने विद्यार्थियों के उत्साह को और भी बढ़ा दिया।
शिक्षकों की भागीदारी इस बार विशेष रूप से सराहनीय रही। दो प्रमुख नृत्य प्रस्तुतियों में शिक्षकों ने हिस्सा लिया जिनमें से पहली गरबा और दूसरी तलवार रास की विशेष प्रस्तुति थी। तलवार रास की इस भव्य प्रस्तुति को सभी ने खूब सराहा जिसमें पारंपरिक राजपूती पोशाक में शिक्षिकाओं ने शस्त्र पूजन के उपरांत गरबा और तलवार रास प्रस्तुत किया। लायंस क्लब ऑफ सिलवासा चैरीटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष फतेहसिंह चौहान की पत्नी गीताबा की ओर से शिक्षकों को उनकी विशेष प्रस्तुति तलवार रास के लिए 5000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस आयोजन में लायंस क्लब ऑफ सिलवासा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष फतेहसिंह चौहान, उपाध्यक्ष अनंतराव डी. निकम, संयुक्त सचिव जयेंद्रसिंह राठौड, कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों के अलावा श्रीमती देवकीबा मोहनसिंहजी चौहान कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस की प्रभारी प्रचार्या डॉ. सीमा पिल्लई, प्रभारी उप प्रचार्या डॉ जाह्नवी आरेकर, हवेली इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज़ एंड रिसर्च की प्रभारी प्रचार्या डॉ. शिल्पा तिवारी, शैक्षणिक परिषद प्रमुख डॉ. निशा पारिख एवं लायंस इंग्लिश स्कूल की प्रभारी प्रधानाचार्या निराली पारेख उपस्थित रहीं।
संस्था के अध्यक्ष फतेहसिंह चौहान के परिवार एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। कार्यक्रम के अंत में ओपन गरबा का आयोजन किया गया, जिसमें सभी छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तत्पश्चात सभी उपस्थित जनों ने अल्पाहार ग्रहण करने के बाद विदा लिया।

