आज सांसद उमेश भाई पटेल जी ने लोकसभा के शून्य काल के दौरान केन्द्र शासित प्रदेश दमण एवं दीव सहित पुरे देश के मछुआरे जो पाकिस्तान की जेलों में बंद है उनको रिहा कराने का मुद्दा संसद में उठाया। सांसद महोदय ने कहा कि दादरा और नगर हवेली और दमण एवं दीव एक समुद्र किनारे बसा हुआ प्रदेश है। जहां लोगों का मच्छीमारी एक महत्वपूर्ण रोजगार का साधन है और ज्यादातर मच्छीमार कम पढ़े लिखे होते हैं जिनको समुद्री सीमाओं का ज्ञान नहीं होता है जिसके चलते समुद्र में मच्छी पकड़ते वक्त गलती से पड़ोसी देश पाकिस्तान की सीमा में पहुंच जाते है और वो निर्दोष गरीब मच्छीमार पाकिस्तान की जेल में पहुंच जाते है। ऐसे काफी गरीब मछुआरे पाकिस्तान की जेलों में वर्षों से बंद हैं। उनमें काफी बुजुर्ग और बीमार मछुआरे है। सांसद महोदय ने कहा कि पाकिस्तान की जेल में बंद मछुआरो की हालत बहुत खराब है जो कभी भी मर सकते है। पाकिस्तान की जेलों में बंद मछुआरों को अनेक यातनाएं और पीड़ाएं दी रही हैं।सांसद महोदय ने कहा कि अनेक मछुआरों को तो पाकिस्तान की कोर्ट ने बरी भी कर दिया है। लेकिन किन्ही कारणों से अभी तक वहां की सरकार ने उनको रिहा नहीं किया हैं।सांसद महोदय ने भारत सरकार से निवेदन किया है कि मेरे संसदीय क्षेत्र दमण एवं दीव सहित पुरे देश के मछुआरे ,जो पाकिस्तान की जेलों में बंद है। उनको अतिशीघ्र रिहा करवाकर भारत लाने की कृपा करें।

