रेलनगरी गोमो में नौवीं कक्षा के छात्र आदित्य मंडल की हत्या के मामले में पिता सुदाम मंडल की शिकायत पर तोपचांची थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। एफआईआर में मृतक आदित्य के चचेरे फूफा तापस मंडल, चचेरे भाई विष्णु मंडल और नाबालिग छात्रा के पिता समेत चार अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। वहीं, चचेरे भाई विष्णु मंडल व चचेरे फूफा तापस मंडल को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
आदित्य अपने अंकल के साथ चिली चिकन खाने निकला था
पुलिस को तापस ने बताया कि वह आदित्य को चिली चिकन खिलाने के बहाने घर से अपने साथ ले गया था। विष्णु भी उनके साथ ही था। तीनों बीएनआर कॉलोनी के पास बगलाटांड़ जंगल के पास बैठकर शराब पी रहे थे। इसी बीच विष्णु ने कहा कि वह भी चिली चिकन खाना चाहता हैं। तापस ने उसे 200 रुपये दिए। जब वह जा रहा था तो चार लोग आए और आदित्य को पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने धमकी दी कि वहां से भाग जाओ वरना जान से मार देंगे। इसके बाद तापस आदित्य को छोड़कर भाग गया।
पुलिस ने अस्पताल से तापस को हिरासत में लिया
भागते समय रास्ते में तापस विष्णु मिल गया। विष्णु और तापस बाइक पर सवार होकर भागने लगे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के पास बाइक से गिरकर तापस घायल हो गया। ग्रामीण उसे कतरास ले गए। पुलिस ने देर रात तापस को अस्पताल से हिरासत में ले लिया। विष्णु ने पुलिस को बताया कि वह चिली चिकन लेने गया था। इस दौरान जब घटना हुई तब तापस आदित्य के साथ था।
पुलिस ने प्रेम प्रसंग से संबंधित जांच शुरू की
आदित्य की हत्या के बाद गांव की एक नाबालिग लड़की को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन से लेकर रात 10 बजे तक लड़की मृतक आदित्य के साथ मोबाइल पर मैसेज के जरिये बात कर रही थी। पुलिस को शक है कि प्रेम प्रसंग में आदित्य की हत्या की गई है। इस मामले में गांव की एक और नाबालिग लड़की का नाम सामने आ रहा है। डीएसपी निशा मुर्मू ने मौका मुआयना किया। उन्होंने कहा कि हर स्तर पर जांच की जा रही है। मामले का पर्दाफाश किया जाएगा और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि सोमवार की रात नौवीं कक्षा के छात्र की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गयी। हत्यारे ने पत्थर से सिर भी कुचल दिया था।

