महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ठाणे जिले में एक शख्स ने अपने पड़ोसी के मासूम 5 साल के बेटे और 4 साल की बेटी को इमारत की दूसरी मंजिल से कथित तौर पर नीचे फेंक दिया, जिससे लड़के की मौत हो गई और लड़की का हालत गंभीर बताई जा रही है। बुधवार को स्थानिक पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शनिवार को यह घटना मुंब्रा टाउनशिप के देवरीपाड़ा इलाके में हुई और अपराध के पीछे के असली वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
आसिफ के रूप में हुई आरोपी की पहचान
मुंब्रा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है उसका नाम आसिफ है और सोमवार को आसिफ को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। आसिफ और उनकी पत्नी, जिनके कोई संतान नहीं है, पीड़ितों के पड़ोसी थे। प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी और उसकी पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर झगड़ा होता रहता था। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पत्नी पीड़िता की मां की अच्छी दोस्त थी और वे अक्सर बात करते रहते थे, जो आरोपी को पसंद नहीं था।
दोनों बच्चे बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से गिर गए।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को इमारत की दूसरी मंजिल पर दोनों बच्चे खेल रहे थे। तभी आरोपी वहां आया और कथित तौर पर दोनों बच्चो को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। इस हादसे में 5 साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 4 साल की बेटी की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में बेटी का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृत बेटे के शव को पोस्टमोर्टम के लिए सरकारी अस्पताल में भेज दिया है। अधिकारी ने बताया कि बच्चे की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

